हल्द्वानी में RTO की ताबड़तोड़ छापेमारी, दुकानों के शटर धड़ाधड़ बंद
हल्द्वानी, ल अब नियमों के खिलाफ कारोबार करने वालों की खैर नहीं। आरटीओ प्रवर्तन विभाग ने शहर में मोटर पार्ट्स विक्रेताओं के खिलाफ कार्रवाई का मोर्चा खोल दिया है। आरटीओ प्रवर्तन अधिकारी अरविंद कुमार पांडे के निर्देश पर प्रवर्तन दल ने तिकोनिया स्थित वर्क शॉप लाइन की दुकानों में पहुंचकर जांच अभियान चलाया।
काली फिल्म,मॉडिफाइड साइलेंसर ,स्पेयर पार्ट्स और प्रेशर हॉर्न की जांच
इस दौरान काली फिल्म, मॉडिफाइड साइलेंसर और प्रेशर हॉर्न जैसी सामग्री की जांच की गई, वहीं दुकानदारों को कारण बताओ नोटिस भी जारी किए गए।लेकिन कार्रवाई के दौरान उस वक्त स्थिति दिलचस्प हो गई, जब अभियान के बीच मोटर पार्ट्स की अधिकांश दुकानें बंद होती नजर आईं। विभाग का कहना है कि दुकानों का बंद होना जांच में बाधा बना, जिसके चलते अभियान को बीच में ही रोकना पड़ा।
व्यापारियों के समर्थन में पहुंचे योगेश शर्मा
वहीं, व्यापार मंडल के पूर्व अध्यक्ष योगेश शर्मा भी मौके पर पहुंचे और व्यापारियों का उत्पीड़न नहीं किए जाने की बात कही।आरटीओ प्रवर्तन अधिकारी अरविंद कुमार पांडे ने स्पष्ट किया है कि मोटर वाहन अधिनियम के तहत किसी भी तरह का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विभाग ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में शहर के अन्य मोटर पार्ट्स प्रतिष्ठानों पर भी जांच और कार्रवाई की जाएगी।अब सवाल यह है कि क्या मोटर पार्ट्स विक्रेता नियमों का पालन कर रहे हैं? और क्या आने वाले दिनों में आरटीओ का यह अभियान और तेज होगा? फिलहाल विभाग की कार्रवाई ने मोटर पार्ट्स कारोबारियों के बीच हलचल जरूर बढ़ा दी है।









