उत्तराखंड में बड़ा हवाई हादसा,पहाड़ी पर गिरा हेलीकॉप्टर, सभी 6 लोगों की मौत
उत्तराखंड के चमोली जिले में बद्रीनाथ की ओर एक बड़ा हेलीकॉप्टर हादसा सामने आया है। इस दर्दनाक दुर्घटना में हेलीकॉप्टर में सवार पायलट समेत सभी छह लोगों की मौत हो गई है। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। राहत एवं बचाव दल ने सर्च ऑपरेशन चलाते हुए सभी छह मृतकों के शव बरामद कर लिए हैं।
जानकारी के मुताबिक, मृतकों में पांच यात्री कर्नाटक के रहने वाले थे, जबकि हेलीकॉप्टर का पायलट दिल्ली निवासी बताया जा रहा है।हादसा जोशीमठ के नजदीक छई गांव के ऊपर हाथी पर्वत क्षेत्र में हुआ। बताया जा रहा है कि ट्रांस भारत एविएशन का हेलीकॉप्टर बद्रीनाथ से श्रद्धालुओं को लेकर देहरादून के सहस्रधारा लौट रहा था। इसी दौरान हेलीकॉप्टर का संपर्क टूट गया और कुछ देर बाद दुर्घटना की सूचना सामने आई।
हादसे की गंभीरता को देखते हुए पुलिस, एसडीआरएफ, सेना और अन्य राहत-बचाव दलों को मौके पर लगाया गया। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण रेस्क्यू अभियान में काफी चुनौतियों का सामना करना पड़ा। अब सभी छह शव बरामद कर लिए गए हैं और उन्हें सड़क मार्ग तक पहुंचाने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।इस हादसे की खबर से पूरे उत्तराखंड में शोक की लहर है। फिलहाल दुर्घटना के कारणों की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।









