हल्द्वानी: तीनपानी फ्लाईओवर पर तेज रफ्तार कार का कहर
हल्द्वानी में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है। तीनपानी बाईपास फ्लाईओवर पर शुक्रवार दोपहर एक कार भीषण हादसे का शिकार हो गई। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। कार में सवार एक युवती सुरक्षित बताई जा रही है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे यूके 02 ए 2544 नंबर की कार तीनपानी बाईपास फ्लाईओवर पर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। कार में एक युवती समेत चार लोग सवार थे। सभी की उम्र करीब 20 से 25 वर्ष के बीच बताई जा रही है।हादसा इतना भीषण था कि एक युवक की जान चली गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही बनभूलपुरा कोतवाली प्रभारी दिनेश फर्त्याल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और राहत एवं आवश्यक कार्रवाई शुरू की। वहीं, नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और अधिकारियों से हादसे के संबंध में जानकारी ली।प्रारंभिक जानकारी में हादसे की वजह तेज रफ्तार बताई जा रही है। हालांकि, कार किन परिस्थितियों में दुर्घटनाग्रस्त हुई, इसकी वास्तविक वजह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
सवाल यही है कि आखिर तेज रफ्तार के जुनून पर लगाम कब लगेगी? सड़क पर जरा-सी लापरवाही न केवल चालक, बल्कि दूसरों की जिंदगी पर भी भारी पड़ सकती है।फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी है।









