दलेर मेहंदी से मुख्यमंत्री धामी ने फोन पर की बात
देहरादून। पंजाबी गायक दलेर मेहंदी से जुड़े हालिया घटनाक्रम के बीच उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को उनसे फोन पर बातचीत कर उनका कुशलक्षेम जाना। इस दौरान दोनों के बीच पिछले दिनों हुए घटनाक्रम को लेकर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड अपनी अतिथि सत्कार की परंपरा, आपसी सौहार्द और समृद्ध लोकसंस्कृति के लिए जानी जाती है। यहां कला, संस्कृति और कलाकारों का सदैव स्वागत एवं सम्मान किया जाता है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर दलेर मेहंदी से हुई बातचीत की जानकारी दी। उन्होंने लिखा कि प्रसिद्ध गायक दलेर मेहंदी से फोन पर वार्ता कर उनका हालचाल जाना और विगत दिनों हुए घटनाक्रम के संबंध में चर्चा की।सीएम धामी ने कहा कि उत्तराखंड ‘अतिथि देवो भवः’ की समृद्ध परंपरा का संवाहक है। प्रदेश की लोकसंस्कृति, आत्मीय आतिथ्य और सौहार्द की भावना ही देवभूमि की विशिष्ट पहचान है। यहां कलाकारों का हमेशा स्वागत और सम्मान किया जाता रहा है।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि प्रयास है कि पिछले दिनों हुए घटनाक्रम को पीछे छोड़कर आपसी संवाद, सौहार्द और सकारात्मकता की भावना के साथ आगे बढ़ा जाए।गौरतलब है कि इस मामले को लेकर मुख्यमंत्री धामी ने इससे पहले पंजाबी गायक मीका सिंह से भी फोन पर बातचीत की थी। ऐसे में दोनों गायकों से मुख्यमंत्री की बातचीत को हालिया घटनाक्रम के बाद संवाद और सौहार्द की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।









