बुलेट और 5 लाख रुपये की मांग, नवविवाहिता की मौत के मामले में पति समेत चार गिरफ्तार

Advertisement

रामनगर में दहेज के लिए नवविवाहिता की हत्या का आरोप, पति समेत चार गिरफ्तार

बुलेट मोटरसाइकिल और 5 लाख रुपये की मांग को लेकर विवाद का आरोप, हत्या को आत्महत्या दिखाने की कोशिश का भी दावा

Advertisement
Advertisement

रामनगर (नैनीताल)। उत्तराखंड के रामनगर में दहेज की मांग को लेकर नवविवाहिता की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतका के परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने पति, सास, जेठ और ननद को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में सामने आया है कि महिला की हत्या के बाद घटना को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई थी। मामले में पुलिस की विवेचना जारी है।

पुलिस के मुताबिक, मुरादाबाद जिले के ठाकुरद्वारा क्षेत्र के बुढनपुर गांव निवासी नसीम अहमद ने 18 अक्टूबर 2026 को रामनगर कोतवाली में तहरीर दी थी। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी कोहिनूर का निकाह 16 मई 2026 को रामनगर के खताड़ी क्षेत्र निवासी उवेश के साथ हुआ था। आरोप है कि शादी में अपनी सामर्थ्य के अनुसार दहेज देने के बावजूद ससुराल पक्ष की ओर से लगातार बुलेट मोटरसाइकिल और पांच लाख रुपये नकद की मांग की जा रही थी।

तहरीर में आरोप लगाया गया कि 16 अक्टूबर को ससुराल पक्ष के लोगों ने कोहिनूर की हत्या कर दी। शिकायत के आधार पर रामनगर कोतवाली में एफआईआर संख्या 339/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 80(2) में मुकदमा दर्ज किया गया।

पुलिस की पूछताछ और विवेचना के अनुसार, कोहिनूर और उसके पति के बीच दहेज की रकम तथा पारिवारिक मामलों को लेकर विवाद होता रहता था। पुलिस का दावा है कि घटना वाले दिन विवाद बढ़ने पर महिला को कमरे में चारपाई पर गिराया गया, उसके मुंह में कपड़ा ठूंसा गया और हाथ-पैर पकड़कर उसकी गर्दन पर दबाव डाला गया। पुलिस के अनुसार, इसी दौरान उसकी मौत हो गई।

जांच में यह भी सामने आने की बात कही गई है कि घटना के बाद महिला के गले में दुपट्टा बांधकर उसे पंखे से लटकाने का प्रयास किया गया, ताकि मामले को आत्महत्या का रूप दिया जा सके।मामले की गंभीरता को देखते हुए नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में मृतका का पति उवेश, सास नसरीन, जेठ अनस और ननद शबा शामिल हैं।

पुलिस के मुताबिक, मामले में अन्य व्यक्तियों की भूमिका और दूसरे साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस टीम के उत्साहवर्धन के लिए एसएसपी नैनीताल ने 2,500 रुपये के पुरस्कार की घोषणा भी की है।अब इस मामले में पुलिस की विवेचना के दौरान सामने आने वाले तथ्य अहम होंगे। दहेज की मांग और नवविवाहिता की संदिग्ध मौत से जुड़े इस प्रकरण में आगे की कानूनी कार्रवाई पर सभी की नजरें रहेंगी।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement