बाइक से पटाखे जैसी आवाज निकालना पड़ेगा भारी, पुलिस ने कसा शिकंजा
हल्द्वानी। शहर में ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ नैनीताल पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. के निर्देश पर हल्द्वानी के हीरानगर क्षेत्र में चलाए गए चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने करीब 15 मॉडिफाइड वाहनों को सीज कर कार्रवाई की।
मॉडिफाइड साइलेंसर और प्रेशर हॉर्न वालों की अब खैर नहीं
प्रभारी निरीक्षक हल्द्वानी विजय मेहता के नेतृत्व में चौकी प्रभारी हीरानगर संजीत राठौर और पुलिस टीम ने क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान कई वाहन मॉडिफाइड रेट्रो साइलेंसर और तेज आवाज वाले हॉर्न के साथ सड़क पर दौड़ते मिले।पुलिस ने मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए करीब 15 वाहनों को सीज किया। साथ ही वाहनों में लगे तेज आवाज उत्पन्न करने वाले मॉडिफाइड साइलेंसर और प्रेशर हॉर्न उतरवाकर कब्जे में ले लिए।पुलिस के अनुसार, वाहन चालकों से कंपनी निर्मित सामान्य ध्वनि वाले साइलेंसर लगवाने के बाद ही नियमानुसार वाहनों को सुपुर्द किया गया।
नैनीताल पुलिस की वाहन चालकों को चेतावनी
पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों में मॉडिफाइड साइलेंसर और प्रेशर हॉर्न का इस्तेमाल न करें। यातायात नियमों का पालन करें और ध्वनि प्रदूषण फैलाने से बचें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।












