हल्द्वानी को बड़ी सौगात: गोरापड़ाव और तीनपानी में बनेगा फ्लाईओवर-अंडरपास
हल्द्वानी। शहर और आसपास के इलाकों में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में बड़ी खबर सामने आई है। नेशनल हाईवे-109 पर गोरापड़ाव और तीनपानी में फ्लाईओवर और अंडरपास के निर्माण को स्वीकृति मिल गई है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा ने इसकी जानकारी दी है।
करीब 50 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित इन निर्माण कार्यों का उद्देश्य हाईवे पर बढ़ते वाहनों के दबाव को कम करना और जाम की समस्या से राहत दिलाना है। गोरापड़ाव और तीनपानी क्षेत्र में यातायात का दबाव बढ़ने के साथ ही सड़क दुर्घटनाएं भी चिंता का विषय रही हैं। ऐसे में फ्लाईओवर और अंडरपास बनने से यातायात को सुचारु बनाने और दुर्घटनाओं के जोखिम को कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
हल्द्वानी कुमाऊं का प्रमुख प्रवेश द्वार है। पहाड़ों की ओर जाने वाले पर्यटकों और स्थानीय लोगों की आवाजाही के चलते यहां हाईवे पर अक्सर वाहनों का दबाव देखने को मिलता है। ऐसे में इन परियोजनाओं को क्षेत्र की यातायात व्यवस्था के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।हालांकि, अब लोगों की निगाहें निर्माण कार्य शुरू होने की तारीख, परियोजना की समयसीमा और इसके धरातल पर उतरने पर टिकी हैं।









