रॉयल्टी के शासनादेश के बाद ठेकेदारों का आंदोलन स्थगित
हल्द्वानी। नैनीताल जिले के हल्द्वानी में सरकारी विभागों के ठेकेदारों ने उपखनिज रॉयल्टी को लेकर चल रहे आंदोलन को स्थगित कर दिया है। रॉयल्टी की पुरानी व्यवस्था लागू करने संबंधी शासनादेश जारी होने के बाद ठेकेदारों ने यह फैसला लिया है। इससे दीपावली के दौरान सरकारी विकास कार्यों के प्रभावित होने की आशंका भी कम हो गई है।
बृहस्पतिवार को तिकोनिया स्थित लोक निर्माण विभाग के गेस्ट हाउस में कॉन्ट्रैक्टर वेलफेयर सोसायटी, हल्द्वानी के पदाधिकारी कैलाश साह ने इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रॉयल्टी से संबंधित शासनादेश जारी होने के बाद ठेकेदार पुरानी व्यवस्था के तहत भुगतान ले सकेंगे।
ठेकेदारों का कहना है कि आंदोलन स्थगित होने से विकास कार्यों को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी। हालांकि, वे अपनी मांगों के स्थायी समाधान के लिए जल्द ही मुख्यमंत्री से मुलाकात करेंगे और इस मुद्दे पर ठोस निर्णय लेने की मांग उठाएंगे।फिलहाल शासनादेश जारी होने के बाद ठेकेदारों ने आंदोलन स्थगित कर दिया है। अब उनकी नजर मुख्यमंत्री के साथ होने वाली मुलाकात और रॉयल्टी व्यवस्था के स्थायी समाधान पर टिकी है।









