कैंची धाम पहुंचीं मैथिली ठाकुर, बाबा नीम करौली के दर्शन कर भक्ति में डूबीं
नैनीताल। विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम में आज प्रसिद्ध लोक गायिका मैथिली ठाकुर पहुंचीं। यहां उन्होंने बाबा नीम करौली महाराज के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। इस दौरान उन्होंने मंदिर परिसर में तस्वीरें भी खिंचवाईं और भक्ति के माहौल का आनंद लिया।मैथिली ठाकुर की कैंची धाम यात्रा को लेकर उनके प्रशंसकों में खासा उत्साह देखने को मिला। अपनी मधुर आवाज और भक्ति गीतों के लिए पहचानी जाने वाली मैथिली ठाकुर की मौजूदगी ने एक बार फिर कैंची धाम की आध्यात्मिक पहचान को चर्चा में ला दिया।
बाबा नीम करौली महाराज के प्रति देश-विदेश में श्रद्धालुओं की गहरी आस्था है। कैंची धाम में वर्षभर बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। धार्मिक आस्था और प्राकृतिक सुंदरता के लिए प्रसिद्ध यह धाम लगातार श्रद्धालुओं और जानी-मानी हस्तियों को आकर्षित करता रहा है।









