नैनीताल जिले की पांच विधानसभा सीटों के प्रभारी और कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक हल्द्वानी पहुंचे
उत्तराखंड में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में नैनीताल जिले की पांच विधानसभा सीटों के प्रभारी और कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक हल्द्वानी पहुंचे। यहां उन्होंने भाजपा कार्यालय में पार्टी पदाधिकारियों, नेताओं और विधानसभा चुनाव के संभावित दावेदारों के साथ बैठक कर चुनावी रणनीति पर चर्चा की। बैठक में संगठन की मजबूती और आगामी विधानसभा चुनाव में जीत हासिल करने को लेकर मंथन किया गया।
कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि भाजपा इस बार भी ‘अबकी बार 60 पार’ के लक्ष्य को लेकर आगे बढ़ रही है। पार्टी का मुख्य एजेंडा वर्ष 2027 में लगातार तीसरी बार प्रदेश में सरकार बनाना है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में प्रत्याशियों का चयन पार्टी की मजबूती, संगठनात्मक स्थिति और जीतने की क्षमता को ध्यान में रखकर किया जाएगा।
मदन कौशिक ने संभावित दावेदारों और पार्टी पदाधिकारियों से बातचीत कर चुनावी तैयारियों का फीडबैक भी लिया। बैठक को आगामी विधानसभा चुनाव से पहले नैनीताल जिले में भाजपा की राजनीतिक सक्रियता बढ़ाने की दिशा में अहम माना जा रहा है।फिलहाल भाजपा ने चुनावी तैयारियों को लेकर बैठकों और संगठनात्मक गतिविधियों का सिलसिला तेज कर दिया है। ऐसे में देखना होगा कि 2027 के चुनावी रण में पार्टी अपने 60 पार के लक्ष्य को किस तरह हासिल करने की रणनीति तैयार करती है।












