भीमताल में भाजपा के भीतर टिकट को लेकर बढ़ी दावेदारी
* मदन कौशिक ने टटोली दावेदारों की नब्ज
हल्द्वानी,उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव की आहट के साथ ही राजनीतिक दलों में टिकट को लेकर हलचल तेज होने लगी है। नैनीताल जिले की भीमताल विधानसभा सीट पर भाजपा के भीतर दावेदारों की लंबी फेहरिस्त सामने आई है। वर्तमान विधायक एवं कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा की सीट पर एक-दो नहीं, बल्कि 12 नेताओं ने अपनी दावेदारी पेश की है। खास बात यह है कि नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा ने भी टिकट की मांग रखकर सियासी चर्चाओं को तेज कर दिया है।
* भीमताल में भाजपा टिकट के 12 दावेदार
दरअसल, भाजपा संगठन की ओर से प्रदेश कोर कमेटी के सदस्य एवं कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक भीमताल पहुंचे थे। यहां उन्होंने संभावित दावेदारों से मुलाकात कर उनकी राजनीतिक सक्रियता, संगठन में योगदान और चुनाव लड़ने की तैयारियों को लेकर जानकारी ली। इस दौरान धामी सरकार में दर्जा राज्य मंत्री ध्रुव रौतेला, भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य खीमा शर्मा, ब्लॉक प्रमुख हरीश बिष्ट, भावना मेहरा और देवेंद्र ढैला ने अपनी दावेदारी पेश की।इसके अलावा पूर्व मंत्री गोविंद सिंह बिष्ट, पूर्व विधायक दान सिंह भंडारी, पूर्व जिलाध्यक्ष मनोज साह, दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा, भाजपा जिला मंत्री मनोज भट्ट, पूर्व जिला मंत्री एवं पूर्व सैनिक कुंदन चिलवाल और दिनेश सांगुड़ी ने भी टिकट के लिए अपना पक्ष रखा।
* राम सिंह कैड़ा के सामने अपनों की दावेदारी
वहीं, वर्तमान विधायक एवं कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा भी इस सीट से प्रमुख दावेदार हैं। ऐसे में एक ही विधानसभा सीट पर भाजपा के 12 नेताओं की दावेदारी ने टिकट चयन को लेकर चर्चाएं तेज कर दी हैं। अब सवाल यह है कि पार्टी संगठन किसे टिकट के लिए उपयुक्त मानता है और किसके नाम पर अंतिम मुहर लगती है।
फिलहाल भीमताल विधानसभा सीट पर भाजपा के भीतर टिकट की दावेदारी का दौर शुरू हो चुका है। एक तरफ मौजूदा विधायक राम सिंह कैड़ा हैं, तो दूसरी तरफ पार्टी के भीतर ही कई नेता अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैं। ऐसे में आने वाले दिनों में भीमताल की राजनीति में और हलचल देखने को मिल सकती है












