जरूरतमंद परिवारों के बीच सारथी फाउंडेशन ने मनाई दिवाली
हल्द्वानी। दीपावली का पर्व हर किसी के जीवन में खुशियां लेकर आए, इसी उद्देश्य के साथ सारथी फाउंडेशन समिति ने इस वर्ष भी जरूरतमंद परिवारों के साथ दिवाली की खुशियां साझा कीं। मुखानी रोड स्थित मां जगदम्बा बैंक्वेट हॉल में आयोजित दिवाली मिलन कार्यक्रम में संस्था ने मेहनतकश और जरूरतमंद परिवारों को दिवाली के उपहार भेंट किए।
कार्यक्रम के दौरान संस्था की ओर से पूर्व में चिह्नित परिवारों को मोमबत्तियां, मिठाई, खिलौने, खिले-बताशे, जूस, चिप्स, नमकीन और बिस्कुट सहित दिवाली सामग्री के पैकेट वितरित किए गए। उपहार पाकर परिवारों के चेहरों पर खुशी देखने को मिली। लाभार्थी परिवारों ने संस्था के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि सारथी फाउंडेशन हर वर्ष दिवाली से पहले उनके बीच पहुंचकर त्योहार की खुशियां बांटती है।
इस अवसर पर संस्था के अध्यक्ष नवीन पंत ने सभी परिवारों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जरूरतमंद परिवारों के साथ खुशियां बांटना ही संस्था का उद्देश्य है। वहीं, सचिव ज्ञानेन्द्र जोशी ने कहा कि संस्था हर साल दिवाली से पहले इस तरह का आयोजन करती है। उन्होंने कहा कि आप सभी का आशीर्वाद ही संस्था की असली पूंजी है।सारथी फाउंडेशन समिति के इस आयोजन ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि त्योहारों की असली खुशी दूसरों के जीवन में मुस्कान लाने में है।












