हल्द्वानी में वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश
हल्द्वानी में नैनीताल पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने तीन शातिर वाहन चोरों के साथ चोरी की मोटरसाइकिलें खरीदने वाले एक मैकेनिक को भी गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने कुल छह चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।दरअसल, एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर जिले में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए विशेष पुलिस टीम गठित की गई थी। टीम ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर 5 नवंबर को गौला बाईपास रोड से तीन आरोपियों को चोरी की मोटरसाइकिलों के साथ गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान करन पाठक, योगेश कुमार आर्य और दीपक शर्मा के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी हल्द्वानी, काठगोदाम और भीमताल क्षेत्र से मोटरसाइकिलें चोरी करते थे और उन्हें विजय श्रीवास्तव नाम के एक मैकेनिक को बेच देते थे।पुलिस के अनुसार, मैकेनिक चोरी की बाइक खरीदने के बाद उन्हें आगे बेच देता था या उनके पार्ट्स अलग-अलग करके बेचता था। इस पूरे खेल से मिलने वाली रकम आरोपियों के बीच बांटी जाती थी।पुलिस ने तीन वाहन चोरों के पास से तीन और मैकेनिक के कब्जे से तीन अन्य मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। यानी कुल छह चोरी की बाइक पुलिस के हाथ लगी हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ बनभूलपुरा और काठगोदाम थानों में वाहन चोरी के मुकदमे भी दर्ज हैं। वहीं, इस कार्रवाई पर एसएसपी नैनीताल ने पुलिस टीम को 2,500 रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है।अब पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि इस गिरोह ने अब तक कितने वाहनों को अपना निशाना बनाया और चोरी की मोटरसाइकिलों के पुर्जे कहां-कहां बेचे गए।












